हरदोई/अतरौली। अतरौली के ग्राम कंधरामऊ निवासी विश्वास अवस्थी ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्वास की इस उपलब्धि पर परिवार सहित गांववासियों में हर्ष का माहौल है।
पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवाधार मिश्रा के नाती विश्वास अवस्थी ने कठिन हालातों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की। बचपन में ही पिता विजय शंकर अवस्थी का निधन हो जाने के बाद परिवार पर जिम्मेदारियाँ आ गईं। इसके बावजूद विश्वास ने हार नहीं मानी और पढ़ाई में जुटे रहे।
विश्वास ने लखनऊ स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में एमटेक किया। एमटेक के अंतिम वर्ष में ही वर्ष 2021 में उनका चयन देश की जानी-मानी ऑनलाइन शिक्षा कंपनी बायजू में हुआ था, जहां उन्हें 10 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर बिजनेस डेवलपमेंट एसोसिएट के पद पर नियुक्ति मिली।
इसके बाद उन्होंने ‘फिजिक्स वाला’ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में कार्य करते हुए निरंतर प्रगति की। अब उनका चयन लखनऊ के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (IET) में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है।
उनकी इस सफलता पर नाना शिवाधार मिश्रा सहित पूरे गांव ने प्रसन्नता जताई। विश्वास की मेहनत और समर्पण आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
संवाददाता चंद्र पांडेय