सीतापुर। जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आलोक सिंह के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान एक अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान अभियुक्त रामप्रकाश शर्मा पुत्र रामनरायन, निवासी ग्राम पकरिया धापूपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद सीतापुर को मौके से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध पौनी (देशी बंदूक) 12 बोर तथा 02 जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किए गए।
बरामद अवैध बंदूक व कारतूस के संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।