सीतापुर (ब्यूरो)।
जनपद सीतापुर में रविवार, 18 जनवरी 2026 को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं लहरपुर विधानसभा प्रभारी प्रबीण कुमार सिंह ने कड़ाके की ठंड के बीच समाजसेवा एवं जनसंपर्क अभियान चलाया।
विकास खंड सकरन क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहारी, काजीपुर गडरियनपुर, हुलासपुरवा, फुकनापुरवा, बस्तीपुरवा सहित अन्य गांवों में पहुंचकर उन्होंने गरीबों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने मोहारी और क्योटाना के बीच चौंका नदी पर पुल न होने को सबसे बड़ी समस्या बताया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय कई ग्राम पंचायतों का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है, जिससे एम्बुलेंस, पुलिस (112) और फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच पाती। मरोड़, बेलवा बसहिया सहित लगभग एक सैकड़ा ग्राम पंचायतें और मजरे इस समस्या से प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण से आवागमन सुगम होगा और बच्चों की शिक्षा में भी सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने कई पात्र दिव्यांगों व गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना, बुजुर्ग महिलाओं की पेंशन कटने तथा बार-बार आवेदन के बावजूद पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायत भी रखी।
प्रदेश महासचिव प्रबीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं से शीघ्र जिला प्रशासन को अवगत कराकर समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना ही उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ललित सिंह ने बताया कि आगामी चुनाव को लेकर पार्टी जल्द ही रणनीति तैयार करेगी और इसके लिए शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ललित सिंह, विकास खंड सकरन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से मनोज कुमार यादव, जयसिंह यादव, अकुल यादव, प्रदीप कुमार यादव, गुड्डू भार्गव, संतोष रस्तोगी, नसीम गाजी, सत्यराम यादव, शिवकुमार, श्यामू अवस्थी, राम सागर यादव सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।