सीतापुर/मिश्रिख।
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मंगलवार को नैमिषारण्य क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नैमिषारण्य बाईपास, राजघाट, चक्रतीर्थ, इंट्रेन्स प्लाजा, पंचमुखी प्लाजा, पार्किंग स्थल, यात्री सुविधा केंद्र एवं सीतापुर रोड स्थित पार्किंग जैसे प्रमुख स्थलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नैमिषारण्य बाईपास के निर्माण हेतु अधिग्रहीत भूमि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी पात्र किसानों को मुआवजे का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्किंग स्थल पर धीमी प्रगति देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने राजघाट क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट, भूमि समतलीकरण, ट्री गार्ड, पेयजल सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाएं शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। सभी नवीन स्वीकृत निर्माण कार्यों की ड्राइंग समय से उपलब्ध कराने और गुणवत्ता से कार्य कराने पर विशेष बल दिया।
सफाई व्यवस्था पर सख्ती
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व कार्यदायी संस्था CLC को कड़ी चेतावनी दी कि सभी स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि चक्रतीर्थ व राजघाट जैसे प्रमुख स्थलों पर स्थायी सफाई टीमें बनाई जाएं और लापरवाही करने वाले कर्मियों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मियों एवं उनके प्रभारी का मोबाइल नंबर फ्लेक्स पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के आदेश दिए।
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन नैमिषारण्य में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रचलित कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है, उनकी डीपीआर शीघ्र तैयार की जाए और निर्माण कार्य बिना विलंब के शुरू किया जाए।
धीमी प्रगति वाले कार्यों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कार्य में तेजी लाई जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विभागीय समन्वय पर भी जोर दिया और कहा कि सभी विभाग मिलकर कार्य करें ताकि नैमिषारण्य क्षेत्र के विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।
अधिकारियों की मौजूदगी
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्रा, उप निदेशक पर्यटन कल्याण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।