लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार हो सकता है। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में हुई प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों में बदलाव को लेकर चर्चा की गई है। मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार के दौरान छह से अधिक मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं। इसके साथ ही योगी मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है, जिससे सरकार के कामकाज को और गति देने की तैयारी है।
मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले संभावित नामों में भूपेंद्र चौधरी और अशोक कटारिया प्रमुख बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मनोज पांडेय और पूजा पाल को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज है।
बताया जा रहा है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेताओं को विशेष प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है, ताकि क्षेत्रीय संतुलन को मजबूत किया जा सके। हालांकि, अभी तक सरकार या भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद लिया जाएगा।