लखनऊ। यूपी में ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए योगी सरकार ने सख्ती दिखाते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब 1 से 30 सितंबर तक पूरे प्रदेश में ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को पेट्रोल पंप से फ्यूल नहीं मिलेगा।
इस अभियान की निगरानी जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) के समन्वय से की जाएगी। अभियान में पुलिस विभाग, राजस्व/जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारी मिलकर प्रवर्तन की मुख्य जिम्मेदारी निभाएंगे।
सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के साथ-साथ सड़क हादसों में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकना है। आदेश का उल्लंघन करने वाले पंप संचालकों और चालकों, दोनों पर कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि हेलमेट पहनने से सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने का खतरा 70 प्रतिशत तक कम हो जाता है। सरकार चाहती है कि इस अभियान के जरिए जनता में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक जागरूकता फैले।