राजधानी। लखनऊ में हुसैनगंज पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ बलात्कार करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हसीन कुरैशी उर्फ समीर को उत्तर प्रदेश के शामली जनपद स्थित पीरजादगान इलाके से दबोचा गया। 2 जून 2022 को एक महिला ने हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपी पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस आयुक्त श्री अमरेन्द्र कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 20 अगस्त 2025 की रात लगभग 11:30 बजे उसे उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मानवाधिकार आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व हुसैनगंज थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह कर रहे थे, जिनके साथ उप-निरीक्षक गौरव पाण्डेय और कांस्टेबल मोहित कुमार भी शामिल थे।