कानपुर। 103 यूपी बटालियन एनसीसी, कानपुर द्वारा आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-195) के तहत शुक्रवार को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन सेंट्रल वेलफेयर फैसिलिटी ऑडिटोरियम में किया गया।
इस अवसर पर शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 500 कैडेट्स में से कई ने पहली बार मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में 25 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और कविताएँ शामिल थीं। दर्शकों ने कैडेट्स की ऊर्जा और समर्पण को तालियों से सराहा।
कैंप कमांडेंट कर्नल ललिताभ राम कृष्णा ने उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “एनसीसी न केवल मंच का आत्मविश्वास देती है, बल्कि युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक और भविष्य का नेतृत्वकर्ता भी बनाती है।”
कार्यक्रम में डॉ. परवेज़ अख्तर, पूर्व अधिकारी (3 यूपी एड्स क्वार्टर) और लेफ्टिनेंट कर्नल ललिताभ राम कृष्णा सहित बटालियन स्टाफ, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों एवं अनुशासन की सराहना की।
इस दस दिवसीय शिविर में कैडेट्स को फिजिकल ट्रेनिंग, ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, सैन्य विषयों का प्रशिक्षण, सीपीआर, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर अतिथि व्याख्यान, व एयरो मॉडलिंग जैसी गतिविधियों में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, उन्हें बिठूर, अटल घाट और इस्कॉन मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया गया, जिससे कैडेट्स को भारतीय संस्कृति व विरासत को समझने का अवसर मिला।
शिविर के अंतर्गत भारतीय वायुसेना स्टेशन के शैक्षणिक भ्रमण में कैडेट्स ने एटीसी, मौसम विभाग और AN-32 विमान मरम्मत बे का अवलोकन किया, जिससे उन्हें रक्षा क्षेत्र की तकनीकी व पेशेवर कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त हुई।
यह सांस्कृतिक आयोजन एनसीसी के मूल मंत्र – एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति – का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।