लखनऊ | कला-संस्कृति डेस्क
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक और लेखक दुष्यंत प्रताप सिंह की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक पुस्तक ‘सात्यकि: द्वापर का अजेय योद्धा’ का विमोचन शुक्रवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक प्रतिष्ठित सभागार में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि लोकगायिका व पद्मश्री सम्मानित मालिनी अवस्थी मौजूद रहीं। उन्होंने पुस्तक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा,
“हमारी पौराणिक कथाओं और उनके महान किरदारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। दुष्यंत प्रताप सिंह की यह पुस्तक सात्यकि जैसे वीर योद्धा के जीवन को जनमानस से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है।”
सात्यकि: एक भूली हुई गाथा को नया आयाम
यह पुस्तक महाभारत काल के प्रसिद्ध योद्धा सात्यकि के जीवन पर आधारित है, जो अब तक पौराणिक इतिहास में अपेक्षाकृत कम चर्चा में रहे हैं। दुष्यंत प्रताप सिंह ने दो वर्षों की शोध प्रक्रिया के बाद इसे तैयार किया है।
पुस्तक के लेखक ने इस दौरान बताया कि यह कृति जल्द ही ऑडियोबुक फॉर्मेट में भी श्रोताओं के लिए उपलब्ध होगी, जबकि अंग्रेज़ी संस्करण अक्टूबर 2025 तक लॉन्च होने की संभावना है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस कथा पर आधारित वेब सीरीज का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए बातचीत अंतिम चरण में है।
राजनीतिक व सांस्कृतिक हस्तियां रहीं उपस्थित
पुस्तक विमोचन के पश्चात दुष्यंत प्रताप सिंह ने अपने आवास पर भाजपा युवा मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष अमरजीत मिश्रा को भी पुस्तक की एक प्रति सप्रेम भेंट की।
कार्यक्रम में गौरव प्रकाश सहित कई साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं फिल्म जगत से जुड़े अतिथि भी शामिल हुए।
इस कार्यक्रम ने न सिर्फ साहित्य प्रेमियों बल्कि पौराणिक इतिहास में रुचि रखने वाले पाठकों के बीच भी विशेष उत्साह जगाया।
संवाददाता चंद्र पाण्डेय