चंदौली: मुगलसराय थाना क्षेत्र के कुरहना ओवरब्रिज पर हुई लूट की घटना का चंदौली पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस घटना का मास्टरमाइंड खुद पीड़ित वाहन का ड्राइवर निकला।
पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को मिर्जापुर निवासी रविंद्र कुमार और चुनार निवासी रोहित सिंह गोरखपुर के गोला बाजार से धान बेचकर मैजिक वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान कुरहना ओवरब्रिज के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने गाड़ी रोककर धारदार हथियार के बल पर 45 हजार रुपये नकद, सोने का लॉकेट और मोबाइल फोन लूट लिया था।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 05 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी (नाचघर मैदान) से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 23 हजार रुपये नकद, एक सोने का लॉकेट, दो मोबाइल फोन, एक अवैध तलवार और घटना में प्रयुक्त CD डीलक्स मोटरसाइकिल (UP63AU 8764) बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि मैजिक वाहन का ड्राइवर रोहित पटेल ही इस पूरी घटना का सूत्रधार था। उसे गाड़ी में रखी रकम की जानकारी थी और उसने अपने भाई विपिन कुमार सिंह के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। योजना के तहत सुनसान स्थान पर गाड़ी रोककर पहले से मौजूद साथियों आकाश सिंह और विशाल पटेल से लूट कराई गई। शक से बचने के लिए ड्राइवर के साथ भी मारपीट का नाटक किया गया।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 148/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी राम जनम यादव, उपनिरीक्षक मनोज तिवारी, अजय कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।