हरदोई। अगर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो हार नहीं मानी जाती है। ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है हरदोई के लाल ने। नीट यूजी की परीक्षा में दो बार मिली असफलता के बाद भी हार नहीं मानी और इसबार वर्ष 2025 की नीट यूजी की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। हरदोई मोहल्ला विभूति नगर, बिलग्राम चुंगी निवासी स्पर्श अवस्थी ने नीट यूजी की परीक्षा में 545 अंक प्राप्त कर अपने परिवार का गौरव बढ़ाया है। स्पर्श अवस्थी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता एवं गुरुजनों को दिया। स्पर्श की प्रारंभिक शिक्षा हरदोई के ही महर्षि विद्या मंदिर से हुई। इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने केबाद स्पर्श ने लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान से तैयारी की और लगातार दो वर्षों की असफलता के बाद वर्ष 2025 में नीट की परीक्षा पास की। स्पर्श बताते हैं कि उनका बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना था, जो अब साकार होने जा रहा है। उनकी इस सफलता पर बधाइयों का ताँता उनके घर पर लगा हुआ है।