राजधानी। लखनऊ में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को सीतापुर रोड स्थित भिठौली चौराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह ने किया।एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह के साथ टी आई विजय सिंह और टी एस आई अभय नंदन की टीम भी मौजूद रही।इस कार्रवाई में बिना परमिट और नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।अभियान के दौरान दर्जनों डग्गामार बसें और मैजिक गाड़ी, मारुति, ई रिक्शा सीज किए गए, जबकि करीब 50 वाहनों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया।
वहीं मड़ियांव प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा की टीम ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बसें और करीब दो दर्जन ई-रिक्शा सीज किए। सभी वाहन बिना फिटनेस, बिना परमिट या तय नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
इसके अतिरिक्त, एसीपी यातायात द्वारा एक दर्जन से अधिक बसें सीज की गईं। वहीं, दो स्कूल वैन भी जब्त की गईं, जो बगैर फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालन कर रही थीं।
एसीपी ट्रैफिक राधा रमण ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन वाहनों के खिलाफ चलाया गया जो बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग या निर्धारित मार्ग से हटकर संचालन कर रहे थे। चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को यातायात नियमों के पालन की सख्त हिदायत भी दी।
एसीपी राधा रमण सिंह ने बताया कि इस तरह की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि शहर में सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर और अधिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहन की फिटनेस, बीमा व परमिट की समय-समय पर जांच कराएं।