लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर लखनऊ कमिश्नरेट के थाना मड़ियांव प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा को उनकी शौर्यपूर्ण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए “सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह” से नवाज़ा जाएगा।
अपने कार्यकाल के दौरान मिश्रा ने कई संगीन अपराधों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
मड़ियांव थाना क्षेत्र में उन्होंने न केवल अपराध पर कड़ा अंकुश लगाया, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और भरोसे की भावना को भी मजबूत किया। उनकी निष्पक्ष, तत्पर और सजग कार्यशैली के चलते आमजन में सुरक्षा की भावना और प्रबल हुई है।
यह सम्मान 15 अगस्त को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
पुलिस विभाग का मानना है कि यह सम्मान न केवल प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के उत्साह को बढ़ाएगा, बल्कि समस्त पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।