राजधानी।लखनऊ में चौक थाना क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 563.18 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।घटना 8 अगस्त 2025 की है, जब चौक क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से करीब 700 ग्राम सोना चोरी हो गया था। इस संबंध में दुकान संचालक ने चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपने पुराने कारीगर अलनि चौधरी पर संदेह जताया था।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर मामले की जांच में तेजी लाई गई। बुधवार को चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद इंटर कॉलेज के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अलनि चौधरी (24 वर्ष) निवासी वजीरगंज,यासर हुसैन (27 वर्ष)निवासी ठाकुरगंज,मो. मजहर (30 वर्ष) निवासी ठाकुरगंज,उमेश कन्नौजिया (32 वर्ष) निवासी मड़ियांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर ज्वेलरी दुकान से चोरी की साजिश रची थी। इनमें मुख्य भूमिका अलनि की थी, जो दुकान में वर्षों से कारीगर के रूप में काम कर रहा था। बाकी तीनों आरोपी बाहर से उसे सहयोग कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। इस खुलासे में प्रभारी निरीक्षक चौक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।व्यापारी संगठनों ने चौक पुलिस की तत्परता और सजगता की सराहना करते हुए धन्यवाद प्रकट किया है।