महमूदाबाद, सीतापुर।
महमूदाबाद क्षेत्र के ग्रामीण एवं पिछड़े इलाकों के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पॉलिटेक्निक संस्थान ने सी.डी.टी.पी. (कम्युनिटी डेवलपमेंट थ्रू पॉलिटेक्निक) योजना के अंतर्गत रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य श्री सी.पी. त्रिपाठी ने बताया कि इन प्रशिक्षणों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं व महिलाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद प्रतिभाओं को सही अवसर और प्रशिक्षण देकर उनके जीवन स्तर में सार्थक बदलाव लाना ही इस योजना का लक्ष्य है।
संस्थान द्वारा चलाए जा रहे निःशुल्क तकनीकी कोर्स इस प्रकार हैं—
फैशन डिजाइनिंगइ
लेक्ट्रिशियन
कटिंग एंड टेलरिंग
ब्यूटीशियन एंड हेयर ड्रेसिंग
ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सहजता से उपलब्ध हो सकेंगे।
प्रधानाचार्य श्री त्रिपाठी ने क्षेत्र के इच्छुक युवाओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे इन रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।