चाइनीज मांझे से युवक की मौत के बाद पुलिस सख्त, पतंग दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी - Iconic India News

Edition

best news portal development company in india

चाइनीज मांझे से युवक की मौत के बाद पुलिस सख्त, पतंग दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

SHARE:

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। हैदरगंज ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे से गंभीर रूप से घायल हुए युवक शोएब की मौत ने एक बार फिर इस खतरनाक मांझे के इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है, जिसके बाद राजधानी में व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन में चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाजारखाला थाना क्षेत्र समेत कई इलाकों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण को पूरी तरह खत्म करना है।

इस अभियान की खास बात यह है कि छापेमारी में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं। डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी पुलिस बल के साथ मिलकर दुकानों की सघन जांच कर रहे हैं। जिन दुकानों पर प्रतिबंधित मांझा मिलने की सूचना है, वहां कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम दुकानदारों से पूछताछ कर रही है और अवैध रूप से रखे गए चाइनीज मांझे को जब्त किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा न केवल इंसानों के लिए बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद खतरनाक है। पूर्व में भी इस मांझे से कई हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद कुछ लोग मुनाफे के लालच में इसकी बिक्री कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें और यदि कहीं इसकी बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि इस तरह की लापरवाही से किसी और की जान न जाए, इसके लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

सबसे ज्यादा पड़ गई