Edition

चहनिया के नेढ़ी ग्राम पंचायत में दर्दनाक हादसा: 100 केवी ट्रांसफार्मर की चपेट में आए बुजुर्ग, गंभीर रूप से झुलसे

SHARE:

चंदौली चहनिया नेढ़ी ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गांव के 76 वर्षीय बुजुर्ग नंदू विश्वकर्मा 100 केवी के ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों के अनुसार, नंदू विश्वकर्मा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज जिला अस्पताल से चल रहा है। घर के ठीक बगल में 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। सोमवार को जब बिजली नहीं थी, उसी दौरान वह ट्रांसफार्मर के पास चले गए। इसी बीच अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली कटवाई और उन्हें वहां से हटाया। जब परिवार वालों ने देखा कि वह बुरी तरह झुलस चुके हैं, तो तत्काल 102 नंबर पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाई गई।
एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया लाया गया, जहां चिकित्सा प्रभारी ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों में आक्रोश
गांव के लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में खुले स्थान पर ट्रांसफार्मर लगे होने से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की सुरक्षित घेराबंदी कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
फिलहाल बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

सबसे ज्यादा पड़ गई