सकलडीहा (चंदौली): ताजपुर स्थित एम्ब्रोसिया एकेडमी में बुधवार देर शाम आयोजित नाइट क्रिकेट मैच में प्रेस चंदौली (पत्रकार टीम) ने सीसीसीएल कमेटी को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा और अंतिम ओवरों तक दर्शकों की उत्सुकता बनी रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीसीएल कमेटी ने निर्धारित 7 ओवरों में 52 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस चंदौली की टीम ने सधी हुई रणनीति और बेहतरीन तालमेल के साथ 6.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
पत्रकार टीम की जीत में अजय सिंह राजपूत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने ऑलराउंड खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं निरंजन, हाजी इनाम, अखिलेश और सोनू पटेल ने भी बल्लेबाजी और फील्डिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मैच के समापन पर एम्ब्रोसिया एकेडमी के डायरेक्टर अरविंद सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान नमन चाइल्ड के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.एन. दुबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और खेल आपसी भाईचारे को मजबूत करता है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले कमालपुर में भी बड़े स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी वितरित की गई।
(रिपोर्ट: जिला ब्यूरो, चंदौली)