- रिपोर्ट: हरवंश राम (ब्लॉक प्रभारी, धानापुर)
धानापुर (चंदौली): भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस जनपद के धानापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा सुनौली में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक ले जाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सुनौली ग्राम सभा के बूथ अध्यक्ष रमेश यादव ‘बबलू’ के नेतृत्व में किया गया। स्थापना दिवस के मौके पर ग्रामीणों के बीच मिठाइयाँ वितरित की गईं और खुशियाँ साझा की गईं। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से रासबिहारी मिश्र, मिथिलेश सिंह, रामाशीष गुप्ता, इडल निषाद और गंगा गौंड शामिल रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की गति तेज हुई है।
ग्रामीणों ने भी सरकार के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल में अपराध की घटनाओं में कमी आई है। लोगों का कहना था कि अब वे पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के चलते अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।