चकिया (चंदौली): जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चकिया क्षेत्र में सरकारी वन भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, चकिया रेंज के अंतर्गत मुजफ्फरपुर बीट स्थित हथिनी वन ब्लॉक (कंपार्टमेंट नंबर 2A) में कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पक्का मकान बनाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही रेंजर अश्विनी चौबे के निर्देश पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया और अवैध रूप से बनाए जा रहे ढांचे को गिरा दिया। इस दौरान विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेंजर अश्विनी चौबे ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या समझौता नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग के इस कदम का समर्थन करते हुए इसे सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया है।
प्रशासन का सख्त संदेश
वन विभाग की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब बख्शा नहीं जाएगा। अतिक्रमण होगा तो कार्रवाई तय है।
रिपोर्ट: जिला संवाददाता सुरेंद्र सिंह नागवंशी, चकिया चंदौली