प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के सिरसा स्थित अनुपूर्णा ज्वेलर्स के संचालकों पर ठगी और अवैध गतिविधियों के गंभीर आरोप लगे हैं।
मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने वाराणसी में पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि अनुपूर्णा ज्वेलर्स से जुड़े प्रियांशु सेठ (21) निवासी रामकियां, गांधीनगर, सिरसा अपने परिजनों के साथ मिलकर ग्राहकों को नकली सोना देकर असली सोना लेने की ठगी करते हैं। साथ ही उन पर गांजा बेचने जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त होने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि इस कथित गतिविधि में प्रियांशु सेठ के पिता चन्द्रमा सेठ, प्रिया सेठ, आदित्य सेठ और बसंती देवी भी शामिल हैं और सभी मिलकर संगठित तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस संबंध में पहले भी कई शिकायतें किए जाने का दावा किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही जा रही है।
मामले में एक पारिवारिक विवाद भी सामने आया है। आरोप है कि परिवार ने अपनी बहू को छोटे बच्चे सहित घर से निकाल दिया और बिना विधिक तलाक के बड़े पुत्र की दूसरी शादी करा दी। पीड़ित महिला न्याय की गुहार लगा रही है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के मामलों से कई परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
नोट: खबर में लगाए गए सभी आरोप शिकायत के आधार पर हैं। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।