Edition

best news portal development company in india

नेकनामपुर में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू रहे मुख्य अतिथि

SHARE:

रिपोर्ट: हरवंश राम, ब्लॉक प्रभारी धानापुर

चंदौली: धानापुर विकासखंड क्षेत्र के नेकनामपुर गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। प्रतिमा अनावरण के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने लोगों को संबोधित करते हुए इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार हमें समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों पर चलकर समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करना हम सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब ने समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित संविधान का निर्माण किया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाकर सभी को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया।

जिला पंचायत सदस्य अजीत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के प्रयासों से दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों को उनके अधिकार मिले हैं। उन्होंने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करो’ का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा के बिना व्यक्ति का विकास संभव नहीं है और लोगों से अपील की कि वे बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान बृजेश यादव गुड्डू, साहब यादव, जयशंकर राम, नंदकिशोर राम, अंगद पाण्डेय, बिनय यादव, निठोहर राम, विजय प्रजापति, अवधेश प्रजापति, अशोक यादव, अशोक राम, हरिगोविन्द भारतीय सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुंशी यादव ने की, जबकि संचालन प्रदीप यादव ने किया।