Edition

ऊर्जाचल कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता: एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली, निगाही, अनपरा परियोजना और रेनुसागर सेमीफाइनल में

SHARE:

सोनभद्र:
38वें सोनभद्र स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ऊर्जाचल कप टी-20 लैदर क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के अंत तक एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली, निगाही, अनपरा परियोजना और रेनुसागर की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
पहले मुकाबले में निगाही ने शक्तिनगर को 51 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए निगाही की टीम ने 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। टीम की ओर से अनमोल सिंह ने 47 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। शक्तिनगर की ओर से अंकुश और सनीष ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शक्तिनगर की टीम 88 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से शुभ ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। निगाही के सरफराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और उन्हें मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर राकेश चंदेल द्वारा मैन ऑफ द मैच दिया गया।
दूसरे मैच में एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली ने ब्रदर्स एकादश रेनुसागर को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेनुसागर की टीम 15 ओवर में 70 रनों पर ऑलआउट हो गई। सिंगरौली की ओर से पंकज कुशवाहा ने 3 विकेट जबकि मंजूर और अजय ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली ने मात्र 6.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 71 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए पंकज कुमार कुशवाहा को उमेश कुमार विंद द्वारा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
आयोजकों के अनुसार रविवार को पहला सेमीफाइनल निगाही और अनपरा परियोजना के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली और आरसीसी रेनुसागर के बीच होगा।
मैच में अंपायर की भूमिका सुनील गुप्ता और अंशु चौरसिया ने निभाई।

सबसे ज्यादा पड़ गई