सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला व टॉपर छात्रों का सम्मान
चंदौली जनपद के टांडा कलां स्थित विनर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टांडा कलां, चंदौली में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर मनीष गुप्ता, मैनेजर विकास प्रजापति एवं समस्त स्टाफ के साथ “विनर्स फैमिली” के सदस्य शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेक्टर नंबर 2 से रमेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली हमारे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसे अश्लीलता से दूर रहकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और संस्कार के साथ त्योहार मनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें समूह नृत्य और होली गीतों ने सभी का मन मोह लिया। छोटे बच्चों द्वारा होली विषय पर चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह देखने लायक रहा।
इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था के प्रबंधन ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
यह होली समारोह संस्था की दोनों शाखाओं—टांडा कलां और मारूफपुर—में उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।