Edition

best news portal development company in india

चैत्र नवरात्र पर आस्था का सैलाब, गंगा घाटों व मंदिरों में उमड़ी भीड़

SHARE:

चहनियां/चंदौली/ चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गुरुवार को जनपद चंदौली पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां “हर-हर गंगे” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर दोपहर तक लगातार जारी रहा। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने घाटों पर स्थित मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा श्रद्धानुसार दान-दक्षिणा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। बलुआ के अलावा भूपौली, महुअरकलां, सैफपुर और निधौरा के गंगा घाटों पर भी स्नानार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र के प्रमुख सिद्धपीठों एवं देवी मंदिरों में भी दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिनमें मां महरौड़ी देवी मंदिर कावंर, खखरा माता मंदिर मटियरा, राज राजेश्वर मंदिर रामपुर, मां बंगला भगवती मंदिर तारगांव (चकिया) तथा बाबा कीनाराम मठ रामगढ़ प्रमुख रहे। घरों और मंदिरों में दुर्गा सप्तशती पाठ, रामायण एवं भजन-कीर्तन के आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

नवरात्र के अवसर पर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला, जहां फल, फूल एवं पूजा सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई, भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए तथा प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित कर पैदल यात्रियों के लिए सुगम मार्ग सुनिश्चित किया गया।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️ आनंद कुमार
जिला ब्यूरो, चंदौली