Edition

best news portal development company in india

मथेला स्थित प्राचीन काली मंदिर में वार्षिक श्रृंगार संपन्न: कुश्ती दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन ।

SHARE:

चहनियां (चन्दौली): क्षेत्र के मथेला स्थित अति प्राचीन मां काली मंदिर के प्रांगण में रामनवमी के पावन अवसर पर दो दिवसीय भव्य वार्षिक श्रृंगार समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
भक्ति और मेले का संगम
वार्षिक श्रृंगार के अवसर पर मां काली का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन हुआ, जहां लोगों ने दर्शन-पूजन के बाद सजी दुकानों और मेलों का भरपूर आनंद उठाया। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों के बीच पूजन-अर्चन कर स्वयं को धन्य किया।
कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को मंदिर परिसर में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के नामी-गिरामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और जोर-आजमाइश को देख दर्शक रोमांचित हो उठे। विजेताओं को आयोजन समिति द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
भोजपुरी लोक संस्कृति की बिखरी छटा
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भोजपुरी लोक नृत्य और भजन संध्या ने समां बांध दिया। हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने पूरी रात भक्ति भजनों, लोकगीतों और पारंपरिक भोजपुरी नृत्य का आनंद लिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और भारी भीड़ को देखते हुए बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर दिन-रात मुस्तैद रहे। पुलिस की सक्रियता के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कोई खलल नहीं पड़ा।

Iconic India News /ब्यूरो चीफ चन्दौली आनन्द कुमार