चंदौली। जिले में ऑनलाइन साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के जरिए वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना अलीनगर पुलिस और साइबर सेल चंदौली की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की रकम के लेन-देन और बैंक खातों के कथित अवैध इस्तेमाल से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को साइबर सेल और थाना अलीनगर की संयुक्त टीम म्यूल खातों तथा साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्धों की तलाश में चकिया तिराहे के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम मंगाने और बैंक खातों के अवैध लेन-देन में शामिल गिरोह के कुछ सदस्य वीआईपी गेट, मुगलसराय, डीआरएम ऑफिस के पास मौजूद हैं और वहां से भागने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (लगभग 30 वर्ष), पुत्र कृष्ण देव प्रसाद, निवासी ग्राम मिरचक, थाना वारिस अलीगंज, जिला नवादा, बिहार तथा अमन शर्मा (लगभग 27 वर्ष), पुत्र सत्यनारायण शर्मा, निवासी सकलडीहा कोर्ट, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों को रात 9:52 बजे गिरफ्तार किया गया।
फर्जी आधार कार्ड से पहचान छिपाने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए वे स्थानीय पतों के कूटरचित/एडिटेड आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस का आरोप है कि अमन शर्मा क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को निशाना बनाता था और उनके नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इसके बाद वह इन खातों की पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड और सिम कार्ड एकत्र करता था।
जांच के अनुसार, नीतीश कुमार इन बैंक खातों और बैंकिंग सामग्री को अमन शर्मा से लेकर बिहार के नवादा निवासी सोनू सिंह तक पहुंचाता था। पुलिस का दावा है कि इन बैंक खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित किया जाता था।
अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज
मामले में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 0496/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) बीएनएस तथा धारा 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई थाना अलीनगर प्रभारी गगनराज सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में साइबर सेल और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों के साथ साइबर हेल्प डेस्क की टीम भी शामिल रही।
पुलिस टीम में अभिषेक शुक्ला, राजीव मल्ल, अमित सिंह, पवन कुमार यादव, संतोष यादव, अनिल प्रजापति, अली अहमद और गणेश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author Profile
Latest entries
BreakingAugust 19, 2026अवैध और हानिकारक मच्छर रोधी अगरबत्तियों पर प्रशासन सख्त, बिक्री पाई गई तो होगी कानूनी कार्रवाई
BreakingAugust 19, 2026बीएसए सचिन कुमार ने KGBV सकलडीहा का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से लिया सुविधाओं का फीडबैक
BreakingAugust 19, 2026नरौली गांव के काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और सात चांदी की आंखें चोरी
BreakingAugust 17, 2026मेहंदीघाट से कांवर लेकर गौरीशंकर धाम पहुंचे श्रद्धालु, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर