रिपोर्ट: हरवंश राम, ब्लॉक प्रभारी धानापुर
चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा प्रसहटा में खुले गड्ढों की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गली में एक नहीं बल्कि कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी वजह से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह गड्ढे गली के बीचों-बीच स्थित हैं, जिससे आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं। यह मार्ग गांव का मुख्य रास्ता है, जहां दिन-रात लोगों का आना-जाना लगा रहता है। खासकर रात के समय हादसों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
गांव के निवासी आशीष कुमार यादव, वीरेंद्र, शाह आलम, सरजू और बालेश्वर राम सहित कई लोगों ने बताया कि यही रास्ता उनके घरों तक पहुंचने का मुख्य साधन है। गड्ढों की वजह से अक्सर लोग फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं।
इसके अलावा गली में लगे एक हैंडपंप के आसपास भी गंदगी की समस्या बनी हुई है। नाली का पानी बहकर हैंडपंप के चारों ओर जमा हो जाता है, जिससे वहां अस्वच्छता फैल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कारण उन्हें दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान संजय यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही नाली की सफाई व मरम्मत का कार्य कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को समस्या से राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।