सीतापुर/ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खैराबाद-सीतापुर में आईटीआई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को वृहद रोजगार मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जनपद सीतापुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आईटीआई, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, डिप्लोमा तथा अन्य योग्यताधारी युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
मेले में निजी क्षेत्र की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें उपलब्ध 1,135 रिक्तियों के सापेक्ष 1,218 अभ्यर्थियों ने आवेदन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 570 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 131 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर उन्हें रोजगार के लिए चयनित किया गया। शेष अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को सफलता के तीन महत्वपूर्ण मंत्र—रिस्क लेना, नई चीजें सीखना और अनुशासित रहना—बताते हुए उन्हें निरंतर कौशल विकास एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
उद्योग प्रतिनिधियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों, कार्य संस्कृति, वेतनमान, करियर विकास एवं भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खैराबाद-सीतापुर, डॉ. नूपुर कश्यप ने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योगों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना भी है। उन्होंने बताया कि संस्थान शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुख गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर रोजगार मेले की सफलता में सहयोग प्रदान करने वाले जिलाधिकारी, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रतिभागी कंपनियों, संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने और प्रदेश के कौशल विकास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
Author Profile
Latest entries
BreakingSeptember 11, 2026खेत में लगे सोलर वाटर पंप से सोलर पैनल चोरी, किसान में रोष
BreakingSeptember 10, 2026लामार्ट्स बॉयज स्कूल के हिंदी शिक्षक पर POCSO एक्ट में मुकदमा, कक्षा 9 के छात्र से कथित अश्लील चैट का आरोप!
BreakingSeptember 6, 2026बाबा कीनाराम मठ में 10 से 12 सितंबर तक होगा 427वां जन्मोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
BreakingSeptember 6, 2026वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेलर पकड़ा गया, चालक व आरोपी मौके से फरार