चंदौली/बबुरी, जिले में लगातार हुई बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण बनी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मंगलवार को बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी तथा पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) समेत संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज भी कम कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और जल्द ही क्षेत्र पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
प्रभावित ग्रामीणों और किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार की स्पष्ट मंशा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित ग्रामीण और किसान तक समय से राहत पहुंचाई जाए। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखें।
डीएम ने जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और फसलों के नुकसान का पारदर्शी आकलन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें, ताकि किसी भी किसान या ग्रामीण को परेशानी का सामना न करना पड़े।
फसलों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजे की मांग
जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने बताया कि नदियों के उफान के कारण फसलों और निचली बस्तियों में पानी भरने का खतरा बना हुआ था। हालांकि, जलस्तर घटने और प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद लोगों को काफी राहत मिली है।
किसानों ने जलभराव के कारण प्रभावित और डूबी फसलों का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रशासन की ओर से किसानों की समस्याओं पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता तथा स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुरेंद्र सिंह नागवंशी, जिला संवाददाता
Author Profile
Latest entries
BreakingSeptember 10, 2026लामार्ट्स बॉयज स्कूल के हिंदी शिक्षक पर POCSO एक्ट में मुकदमा, कक्षा 9 के छात्र से कथित अश्लील चैट का आरोप!
BreakingSeptember 6, 2026बाबा कीनाराम मठ में 10 से 12 सितंबर तक होगा 427वां जन्मोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
BreakingSeptember 6, 2026वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेलर पकड़ा गया, चालक व आरोपी मौके से फरार
BreakingSeptember 6, 2026चकिया तहसीलदार ने राहत शिविर में बांटी राहत किट,विस्थापित परिवारों को पक्की छत दिलाने का दिलाया भरोसा